पौड़ी,01 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड रिखणीखाल के ग्राम पंचायत कांडा के बीरोंबाड़ी तोक में क्षतिग्रस्त डाट पुलिया के पुनर्निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस कार्य पर लगभग 4.06 लाख रुपये की लागत आएगी। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय ग्रामीणों, यात्रियों और राजकीय प्राथमिक विद्यालय दियोड़ के छात्रों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। जिलाधिकारी ने स्थानीय समस्या का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए थे। खंड विकास अधिकारी ने त्वरित निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन और तकनीकी प्राक्कलन तैयार किया। प्रस्ताव प्राप्त होते ही जिलाधिकारी ने बिना विलंब स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। कार्य को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

