दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल),03 मई (आरएनएस)। फालता विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवांशु पांडा ने रविवार को मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कुछ बूथों पर हेराफेरी की गई और मतदाताओं को डराया-धमकाया गया. उन्होंने दावा किया कि फालता में भाजपा 1 से 1.5 लाख वोटों के अंतर से जीतेगी.
पांडा ने दावा किया कि पार्टी ने कई बूथों पर हो रही गड़बडिय़ों पर आपत्ति जताई थी और दोबारा चुनाव कराने की मांग की थी. इसके बाद, चुनाव आयोग ने 21 मई को फिर से मतदान कराने का आदेश दिया.
पांडा ने कहा, हमने उन 150 बूथों पर दोबारा मतदान के लिए आवेदन दिया था जहां भाजपा के चुनाव चिन्ह पर सेलोटेप (टेप) चिपका दिया गया था. कुछ बूथों पर तो कैमरों का रुख भी मोड़ दिया गया था. कल हमारी मांग पर फैसला लिया गया और 21 मई को दोबारा मतदान की घोषणा की गई. फालता में भाजपा 1 से 1.5 लाख वोटों के अंतर से जीतेगी.
देवांशु पांडा ने आरोप लगाया कि कई मतदाताओं को उनके मताधिकार का प्रयोग करने से रोका गया था. पांडा ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, वोटिंग के अगले दिन, उन्होंने (टीएमसी के लोगों ने) रात में सभी के वोटर कार्ड और आधार कार्ड छीन लिए. कुछ लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया. उन्हें आने ही नहीं दिया गया. जो भी आए और जिन्होंने भाजपा को वोट दिया, रात में टीएमसी के गुंडों ने जाकर उनके घर तोड़ दिए. उन्होंने उन्हें धमकाया भी. नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने भी पार्टी के प्रदर्शन पर भरोसा जताया और जमीनी स्तर पर भारी जनसमर्थन का दावा किया. सिंह ने बताया, हमारी सरकार बनने जा रही है. लोग हमसे कह रहे हैं कि हम सरकार बनाने जा रहे हैं. जनता ही यह सरकार बना रही है. इस बार लोग वोट देने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए हैं.
बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के फालता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है. इससे पहले शनिवार, 2 मई को पश्चिम मग्रहाट और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर भी पुनर्मतदान कराया गया था.
आयोग के अनुसार, फालता में दोबारा मतदान के निर्देश 29 अप्रैल को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए दिए गए हैं. इससे पहले शनिवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल से मुलाकात की थी. वहीं, टीएमसी नेता कुणाल घोष ने नेताजी इंडोर स्टेडियम का दौरा किया, जहां ईवीएम के स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं.
मानिकतला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तापस रॉय ने कहा- फालता जैसी घटनाओं के कारण ही अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर में 7 लाख 11 हजार वोटों के अंतर से जीते थे. आज भी फालता में ऐसी चीजें हुईं जो नहीं होनी चाहिए थीं. लोगों को वोट देने से रोका गया. हिंदू गांवों में हमारी माताओं और बहनों को बाहर आकर विरोध करना पड़ा. बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था. वोटों की गिनती 4 मई को होनी है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

