लखनऊ ,25 जून(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की नई टीम का ऐलान हुआ है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दूसरे बेटे नीरज सिंह और समाजवादी पार्टी से बगावत करके आईं पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई टीम में कुल 46 लोगों के नाम शामिल हैं। नीरज को यह स्थान उनके भाई पंकज सिंह की जगह मिला है। पार्टी ने कुल 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 19 लोगों को मंत्री बनाया गया है।
भाजपा ने पश्चिमी प्रदेश का अध्यक्ष नबाब सिंह नागर, ब्रज प्रदेश का पूरन लाल लोधी, कानपुर का राम किशोर साहू, अवध क्षेत्र का अवधेश द्विवेदी, काशी का अशोक चौरसिया और गोरखपुर का विनोद राय को बनाया है। भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष रोहित मिश्रा, पिछड़ा मोर्चा का प्रकाश पाल, किसान मोर्चा का देवेन्द्र सिंह, अनुसूचित मोर्चा का अशोक रावत, महिला मोर्चा का सरोज कुशवाह और अनुसूचित जनजाति मोर्चा का विद्याभूषण गोंड को बनाया है।
भाजपा ने पूजा पाल और प्रियंका रावत को उपाध्यक्ष बनाकर बड़ा दांव चला है। प्रियंका पहले महामंत्री थी। उनकी पदोन्नति करके दलित वर्ग का साधा गया है। पूजा कौशांबी जिले के चायल सीट से समाजवादी पार्टी की विधायक हैं। उनको पार्टी ने 2025 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने पर निष्कासित कर दिया था। पूजा के पति राजू पाल इलाहाबाद पश्चिम से पूर्व विधायक थे, उनकी 2005 में दिनदहाड़े हत्या हुई थी, जिसका आरोप अतीक अहमद पर लगा था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

