0- 18 मामलों में जब्त 388 किलो से अधिक ड्रग्स का किया गया निपटान
धमतरी, 25 जून (आरएनएस)। नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में जब्त 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में की गई।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति, पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। नष्टीकरण का कार्य ग्राम बंजारी स्थित मेसर्स रूपगढ़ पॉवर एण्ड एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड में निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत कराया गया।
पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली धमतरी, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, केरेगांव और सिहावा थाना क्षेत्रों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के कुल 18 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के सभी कानूनी प्रावधानों, न्यायालयीन निर्देशों तथा पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।
नष्टीकरण से पूर्व छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल रायपुर और ग्राम पंचायत बंजारी से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए गए थे। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति द्वारा जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, सत्यापन, अभिलेखीकरण और नष्टीकरण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जब्त नशीले पदार्थों का नष्टीकरण न केवल न्यायिक प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग और सतत कार्रवाई से ही सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

