लखनऊ 3 मई (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने विभाग में कार्यरत अवर अभियंताओं को सहायक अभियंता पद पर पदोन्नत करने संबंधी महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार चयनित अभियंताओं को उनके वर्तमान पद से प्रोन्नत कर सहायक अभियंता के पद पर तैनात किया गया है, साथ ही उन्हें नए तैनाती स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति पूर्व में जारी शासनादेशों और नियमों के अनुरूप की गई है। प्रोन्नत अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी जॉइनिंग ई-एमएपी प्रणाली के माध्यम से ही सुनिश्चित करें और कार्यभार ग्रहण करने में अनावश्यक विलंब न करें। साथ ही संबंधित नियंत्रक अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अधिकारी के विरुद्ध कोई अनुशासनिक या सतर्कता संबंधी मामला लंबित न हो, अन्यथा पदोन्नति स्वत: निरस्त मानी जाएगी।
कारपोरेशन ने यह भी कहा है कि प्रोन्नत अभियंताओं को कार्यमुक्त करने से पहले उनकी वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) का अंकन एवं स्वांकन पूर्ण होना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सभी संबंधित अधिकारियों को सेवा पुस्तिका और अन्य अभिलेखों को अद्यतन कर लेखा विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रशिक्षण एवं मानव संसाधन विकास संस्थान, सरोजनीनगर, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेना अनिवार्य होगा, जिसके लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।यूपीपीसीएल ने संबंधित वितरण कंपनियों—मध्यांचल, पश्चिमांचल, पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम—को भी निर्देशित किया है कि वे इन आदेशों का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित करें और प्रोन्नत अधिकारियों की तैनाती एवं कार्यभार ग्रहण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं।इस निर्णय से विभागीय कार्यक्षमता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं अभियंताओं के बीच भी पदोन्नति को लेकर उत्साह का माहौल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

