:-कनकपुर के पास हादसा, मौके पर मां-बेटे की मौत, पिता ने अस्पताल में तोड़ा दम; कचरा और जलभराव भी बना कारण।
नवाबगंज (गोण्डा) 3 मई।अयोध्या-नवाबगंज मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। कनकपुर गांव के पास तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के गंगानगर निवासी 45 वर्षीय मानसिंह अपनी पत्नी उर्मिला (40) और 12 वर्षीय पुत्र लवकुश के साथ कैसरगंज स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान कनकपुर गांव के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित दूध के टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में उर्मिला और लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मानसिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि टैंकर को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे फैले कचरे और जलभराव के कारण बाइक असंतुलित हो गई, जिससे यह हादसा और भी भयावह हो गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

