देहरादून,03 मई (आरएनएस)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद कैप्टन दल बहादुर थापा(आजाद हिंद फौज) के 81 वें शहीद दिवस पर तय मूर्ति अनावरण समारोह रविवार को खराब मौसम और भारी वर्षा के कारण स्थगित कर दिया गया। यह कार्यक्रम शेरबाग रोड स्थित नवनिर्मित पार्क गढ़ी कैंट में प्रस्तावित था, जिसे अब समिति द्वारा आगामी तिथि पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। वहीं, उत्तराखंड राज्य नेपाली भाषा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा की अध्यक्षता में शहीद कैप्टन दल बहादुर थापा एवं शहीद वीर केसरी चंद को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि थापा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बर्मा कोहिमा सीमा पर 28 जून 1944 को अंग्रेजो ने उन्हें युद्ध बंदी बना लिया देशद्रोह का मुकदमा चलाकर मृत्युदंड दे दिया। 3 मई 1945 को देश के लिए उन्होंने प्राण न्यौछावर किए। सुभाषचंद बोस ने उनके साहस और वीरता से प्रभावित होकर उन्हें कैप्टन पद से सम्मानित किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बालकृष्ण बराल, राजेंद्र मल्ल, पूजा सुब्बा चंद, ओपी गुरूंग आदि कई नागरिक, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

