सीतापुर 3 मई (आरएनएस)। देशभर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा रविवार को जनपद के पांच परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा किया गया, जिसमें जिले भर से कुल 2400 पंजीकृत अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को लेकर सुबह से ही अभ्यर्थियों में उत्साह और तनाव दोनों देखने को मिला। दोपहर 1 बजे से परीक्षा केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। प्रवेश से पहले हर परीक्षार्थी की सघन जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखते हुए तीन स्तरीय चेकिंग सिस्टम लागू किया गया था, जिसमें गेट पर प्रारंभिक जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और उसके बाद कक्ष में प्रवेश की प्रक्रिया शामिल रही। प्रशासन द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए थे कि कोई भी अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, घड़ी, ज्वेलरी, हेयर क्लिप (क्लेचर) या अन्य किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री लेकर केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। केवल एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश की अनुमति दी गई। इन नियमों का सख्ती से पालन कराया गया, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। सभी परीक्षा केंद्र शहर क्षेत्र में ही बनाए गए थे, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रही और हर गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी गई। प्रशासन ने साफ तौर पर चेतावनी दी थी कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी सख्ती का असर रहा कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

