– अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई
सीतापुर 3 मई (आरएनएस)। जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। कुतुब नगर मार्ग पर अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। भिठौरा गांव निवासी शिवकुमार 35 वर्ष अपने चचेरे भाई आशीष के साथ देवकली से मिट्टी के बर्तन लेकर घर लौट रहे थे। तभी हुसेनपुर गांव के पास उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे बैठा आशीष उछलकर दूर जा गिरा और उसे हल्की चोटें आईं, लेकिन शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उन्होंने हेलमेट पहना होता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि शिवकुमार अपनी बहन पूजा की शादी की तैयारियों में लगे थे। सोमवार को तिलक जाना था और 8 मई को बारात आनी थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। चार भाइयों में सबसे बड़े शिवकुमार अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

