सीतापुर 3 मई (आरएनएस)। ग्रामीणों की शिकायत के बाद बिजली विभाग ने अवैध रूप से लगाए गए खंभों और केबल पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें हटवा दिया। मामला विकास खंड सकरन के सरैया गांव का है, जहां एक शराब ठेके तक बिजली सप्लाई पहुंचाने के लिए बिना विभागीय स्टीमेट और अनुमति के सात खंभे लगाकर आर्मर्ड केबल डलवाई गई थी। सूत्रों के मुताबिक इस कार्य के लिए कोई आधिकारिक मंजूरी नहीं ली गई थी और कथित रूप से सुविधा शुल्क लेकर काम पूरा कराया गया था। ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद शनिवार रात बिजली विभाग हरकत में आया। जेई सांडा और एसडीओ रेउसा की मौजूदगी में टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी अवैध खंभों को उखड़वा दिया और ठेके तक डाली गई केबल हटाकर कनेक्शन काट दिया। अवर अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि बिना विभागीय स्टीमेट के लगाए गए खंभे और केबल को हटवा दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

