सीतापुर 3 मई (आरएनएस)। सकरन थाना क्षेत्र में कथित झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने गलत इलाज का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, झउवाकलां मजरा छप्परतला गांव निवासी विनोद गौतम की पत्नी फूलमती (35) को रविवार सुबह करीब 10 बजे तेज बुखार आया था। इसके बाद विनोद उसे दवा दिलाने के लिए सलोली गांव स्थित एक निजी क्लिनिक पर ले गया, जहां डॉक्टर द्वारा उसे इंजेक्शन लगाया गया। आरोप है कि इंजेक्शन लगते ही फूलमती की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। स्थिति गंभीर देख डॉक्टर उसे पास के ही दूसरे कथित चिकित्सक के पास ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने करीब एक घंटे तक शव रखकर हंगामा किया। हालांकि बाद में ग्रामीणों के समझाने पर परिजन शव को घर ले गए। मृतका अपने पति के साथ लखनऊ में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थी। परिवार में पांच छोटे-छोटे बच्चेकृतीन बेटियां सोनिका (15), प्रेमा (10), मोनिका (5) और दो बेटे अनूप (7) व अर्पित (2) हैं। खेती योग्य जमीन न होने के कारण पूरा परिवार मजदूरी पर निर्भर था। फूलमती की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद मित्रा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

