०कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा में परचम लहराने वाली दिव्यांग बेटियों को किया सम्मानित
सुकमा04 अप्रैल (आरएनएस)। जिला प्रशासन की समावेशी शिक्षा नीतियों और उचित मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि आज सुकमा जैसे सुदूर क्षेत्र की दिव्यांग बेटियां अपनी बाधाओं को पीछे छोड़ सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। कलेक्टर अमित कुमार ने वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन विशेष आवश्यकता वाली (दिव्यांग) छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने छात्राओं के अदम्य साहस की सराहना करते हुए कहा कि इनकी सफलता केवल अंकों का आंकड़ा नहीं, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है कि दृढ़ संकल्प के आगे हर शारीरिक बाधा बौनी है।प्रशासनिक सहयोग और ‘आकार आवासीय संस्थाÓ जैसे समर्पित केंद्रों की भूमिका इन छात्राओं की सफलता में महत्वपूर्ण रही है। कक्षा 8वीं तक जिला प्रशासन द्वारा संचालित इसी संस्था में शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद, इन छात्राओं ने स्वामी आत्मानंद विद्यालयों से अपनी पढ़ाई पूरी की। विशेष रूप से दृष्टिबाधित छात्रा कुमारी सोड़ी बीड़े ने 12वीं में 71.6त्न, मूकबधिर छात्रा कोकी रेशमा ने 70.4त्न और पिंकी सोड़ी ने 10वीं बोर्ड में 49.8त्न अंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इन छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि प्रशासन का सही संबल मिले, तो अभावों के बीच भी प्रतिभा निखरती है।छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें उच्च शिक्षा और कौशल विकास के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन मेधावी छात्राओं को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर मिले। सम्मान समारोह के दौरान स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसी प्रतिभाओं को तराशने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस गौरवपूर्ण क्षण में जिला शिक्षा अधिकारी सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उपलब्धि को जिले के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

