मेरठ 4 मई (आरएनएस)। मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर डौरली में रविवार देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग से पूरे घर में धुआं भर गया और अंदर सो रहे 12 लोग उसकी चपेट में आकर अचेत हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान पिता और उनकी 8 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
रात दो बजे लगी आग, धुएं से बेहोश हुआ पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार कृष्णा नगर निवासी सागर (35) के मकान में रविवार रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। उस समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। आग लगने के बाद घर में तेजी से धुआं भर गया, जिससे सभी लोग दम घुटने के कारण बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने मकान से धुआं उठता देखा तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सागर और उसकी 8 वर्षीय बेटी शिवानी उर्फ लाली को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया गया कि हादसे में मृतक और घायल सभी लोग किराए के मकान में रह रहे थे। घायलों में प्रिंस, भावना, आशु, शिवा, सरिता, करण, ज्योति, कान्हा, कांता और अरुण शामिल हैं।
टेंट व्यवसायी कृष्णपाल के अनुसार आग में उसका लगभग 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर एक स्कूटी और दो बाइक भी पूरी तरह जल गईं।
एंबुलेंस नहीं पहुंची, पुलिस ने गाडिय़ों से पहुंचाए घायल
घटना के दौरान एंबुलेंस सेवा की बड़ी लापरवाही भी सामने आई। हादसे की सूचना देने के बाद भी काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने खुद पहल करते हुए सभी घायलों को सरकारी और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर मदद न करती तो और भी लोगों की जान जा सकती थी। मामले में एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

