डूडा193 लाभार्थियों से वसूलेगी 96.50 लाख रुपये
प्रयागराज 4 मई (आरएनएस)। शहर में हजारों गरीब परिवार ऐसे हैं जिनके पास आवास नहीं है। वह प्रधानमंत्री आवास पाने के लिए वे दर-दर भटक रहे है। दूसरी ओर शहर में 193 ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए 50 हजार रुपये की पहली किस्त मिली, लेकिन आज तक निर्माण नहीं कराया।ऐसे लोगों को तीन से चार बार नोटिस भी भेजा जा चका है, लेकिन वह निर्माण नहीं करा रहे हैं। 193 में से 30 ऐसे लाभार्थी हैं, जिनका कोई विवरण ही नहीं उपलब्ध हो पा रहा है। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से अब वसूली की जाएगी। वसूली की प्रक्रिया शुरू करने के लिए इन सभी को आरसी जारी कर दी गई है। 193 लाभार्थियों 96.50 लाख रुपये धनराशि वसूली जाएगी। 50 हजार रुपये की पहली किस्त की रिकवरी के लिए जरूरत पडऩे पर पुलिस विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा।
*फर्जी पता लिखाने वाले 30 लाभार्थियों की तलाश*
डूडा की परियोजना अधिकारी प्रतिभा श्रीवास्तव ने बताया कि इन लोगों को तीन बार मकान बनाने के लिए पत्र भेजा गया,कई अधिकारी भी इन लोगों से संपर्क किया लेकिन यह लोग न तो मकान बनवा रहे हैं और न ही धनराशि वापस कर रहे हैं। ऐसे में आरसी जारी करके इनसे अब वसूली करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। 30 लाभार्थी ऐसे हैं, जो दिए गए पते पर मौजूद ही नहीं हैं। उनकी तलाश कराई जाएगी।

