प्रयागराज 4 मई (आरएनएस)। रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम का आधिकारिक क्लब विजि़ट (ओसीवी) सिविल लाइंस स्थित होटल राम कॉन्टिनेंटल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 के मंडलाध्यक्ष रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने क्लब द्वारा पिछले 10 महीनों में किए गए सेवा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा समाज के गरीब, जरूरतमंद एवं पीडि़त वर्ग के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में 130 से अधिक रोटेरियन्स की उपस्थिति रही। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी आकर्षक एवं यादगार बना दिया।
क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. प्रतीक पाण्डेय ने बताया कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने मात्र 10 महीनों में 92 सेवा प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं तथा जून माह तक 13 और प्रोजेक्ट्स की योजना बनाई गई है। ये सभी प्रोजेक्ट्स गरीबों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों, विशेष रूप से सक्षम बच्चों एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि क्लब ने पूरे डिस्ट्रिक्ट में सर्वाधिक 52 नए सदस्यों को जोड़कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम को तीन डिस्ट्रिक्ट इवेंट्स में सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन अवॉर्ड प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त क्लब को बेस्ट क्लब, बेस्ट प्रेसिडेंट, बेस्ट सेक्रेटरी, रिटेंशन चैंपियंस एवं बेस्ट डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर्स जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त हुए हैं।
मुख्य अतिथि रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने अपने संबोधन में क्लब के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने बाढ़ राहत अभियान, वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क ऑर्थोपेडिक क्लिनिक, फ्री होम्योपैथी क्लिनिक, नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन जैसे उत्कृष्ट कार्य किए हैं, जो अन्य क्लबों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। क्लब के सचिव रोटेरियन सीए संजय तलवार ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि इस वर्ष क्लब में कुल 52 नए सदस्यों को जोड़ा गया है, जिनमें 30 सदस्य वर्तमान सत्र में तथा 22 सदस्य सत्र की शुरुआत में शामिल हुए हैं। साथ ही, क्लब को पूरे डिस्ट्रिक्ट 3120 में सर्वश्रेष्ठ मीडिया एवं सोशल मीडिया कवरेज का गौरव प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर डीजीआरएच रोटेरियन अजय शर्मा एवं असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन अमृता अग्रवाल ने भी क्लब के वर्षभर के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में चार्टर अध्यक्ष रोटेरियन रितेश सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

