सुलतानपुर 4 मई (आरएनएस)। धम्मौर थाना क्षेत्र के बनकेपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के कमरे में पंखे से लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक किशोरी ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की है, हालांकि मौत के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।घटना की सूचना मिलते ही थाना धम्मौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक यूनिट को बुलाया, जहां टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए और हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है,वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। सीओ नगर सौरभ सामंत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, फॉरेंसिक साक्ष्य संकलित कराए गए हैं तथा मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

