– केंद्रीय विद्यालय में गूंजा वित्तीय साक्षरता का संदेश
फतेहपुर। बदलते आर्थिक परिवेश में केवल कमाई ही नहीं, बल्कि कमाई को सही दिशा में लगाना भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर केंद्रीय विद्यालय में एक प्रभावशाली निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं अभिभावकों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित निवेश, बचत की आदत और भविष्य की आर्थिक योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आज की छोटी-छोटी बचत और समझदारी से किया गया निवेश ही आने वाले कल की आर्थिक मजबूती की नींव बनता है।
यह जागरूकता सत्र सेबी के सहयोग से अवोक इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य वीनू मिश्रा रहीं। अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय ज्ञान प्रत्येक परिवार की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। यदि अभिभावक स्वयं धन प्रबंधन, बचत और निवेश के प्रति जागरूक होंगे तो वे अपने बच्चों में भी छोटी उम्र से आर्थिक अनुशासन, जिम्मेदारी और भविष्य की योजना बनाने की आदत विकसित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त समाज के निर्माण के लिए वित्तीय शिक्षा का घर-घर पहुंचना जरूरी है। निवेशक जागरूकता प्रशिक्षक सुशील कुमार शुक्ला ने सरल और सहज भाषा में प्रतिभागियों को निवेश की बारीकियों से परिचित कराया। सत्र में फर्जी निवेश योजनाओं, लालच देने वाले अनधिकृत ऑफरों और बिना जानकारी धन लगाने के खतरों पर भी विशेष चर्चा की गई। अंत में शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

