लखनऊ 4 मई (आरएनएस )। राजधानी के थाना सैरपुर क्षेत्र स्थित न्यू कॉलोनी तरहिया में उस समय सनसनी फैल गई, जब कई दिनों से बंद पड़े एक कमरे से तेज दुर्गंध आने पर एक युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो युवक का शव छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। प्रारंभिक जांच में घटना 2 से 3 दिन पुरानी प्रतीत हो रही है।पुलिस के अनुसार दिनांक 03 मई 2026 को सायंकाल करीब 07:30 बजे निशा निवासी न्यू कॉलोनी तरहिया थाना सैरपुर ने थाने पर उपस्थित होकर एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि वह 25 अप्रैल 2026 को अपने पुत्र राजू (उम्र लगभग 26 वर्ष) और पुत्री के साथ रिश्तेदारी में गई थीं। अगले दिन 26 अप्रैल को उनका पुत्र अकेले घर वापस आ गया था और घर पर अकेला रह रहा था।
निशा ने बताया कि 26 अप्रैल की शाम को उनकी अपने पुत्र से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद भी संपर्क बना रहा और अंतिम बार 30 अप्रैल 2026 को उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद अचानक संपर्क बंद हो गया। जब वह 03 मई को अपनी पुत्री के साथ घर लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान कमरे के भीतर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे अनहोनी की आशंका प्रबल हो गई।घटना की सूचना तत्काल थाना सैरपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों व स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया। अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। युवक राजू का शव छत के पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर लटका हुआ था।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कराया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मौके पर शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और वह विघटित अवस्था में पाया गया, जिससे स्पष्ट है कि घटना को 2 से 3 दिन का समय बीत चुका है।पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।परिजनों के मुताबिक मृतक अविवाहित था और पानी-बताशे का ठेला लगाकर अपना जीवनयापन करता था। आसपास के लोगों के अनुसार वह शांत स्वभाव का युवक था। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।थाना सैरपुर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

