लखनऊ 4 मई (आरएनएस )। थाना मडिय़ांव क्षेत्र के भरत नगर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में जर्जर दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने मालिक की गाड़ी का पंचर बनवाने के दौरान पहिया खोल रहा था। अचानक पास की ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई और युवक उसके नीचे दब गया।पुलिस के अनुसार दिनांक 04 मई 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे थाना मडिय़ांव पुलिस को सूचना मिली कि भरत नगर क्षेत्र में एक जर्जर दीवार गिरने से एक व्यक्ति दब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे युवक को बाहर निकाला गया।घायल युवक को गंभीर अवस्था में तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया जानकारी में मृतक की पहचान अंकित शर्मा (उम्र लगभग 34 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार, मूल निवासी थाना अतरौली जनपद हरदोई के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक अंकित शर्मा वर्तमान में भरत नगर स्थित ग्रीन वैली मटर के एक विक्रेता की दुकान पर कार्य करता था और वहीं रहता था। बताया जा रहा है कि सुबह हुई आंधी और बारिश के बाद वह अपने दुकान मालिक की चार पहिया गाड़ी, जो नॉज पैलेस नामक मकान के सामने सड़क पार खड़ी थी, का पंचर बनवाने के लिए एक मिस्त्री को लेकर पहुंचा था। इसी दौरान वह गाड़ी का पहिया खोल रहा था कि पास में स्थित जर्जर दीवार अचानक गिर गई।हादसे में साथ मौजूद पंचर बनाने वाला मिस्त्री मामूली रूप से घायल हुआ, जो घटना के बाद वहां से चला गया। उसका नाम और पता अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।परिजनों के अनुसार मृतक विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में जर्जर भवनों और दीवारों की अनदेखी पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

