लखनऊ 4 मई (आरएनएस ) राजधानी के मेदांता अस्पताल में सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय से प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरुओं ने मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की दुआ की। इस दौरान मुलाकात का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली।मुलाकात करने वालों में शाही इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, शिया मरकज़ी चांद कमेटी के अध्यक्ष और प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद सैफ अब्बास नकवी तथा ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास शामिल रहे। सभी ने अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री मुईद अहमद, निवर्तमान प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान और अरशद आज़मी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।मुलाकात के दौरान अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रेम, भाईचारे और समावेशी राजनीति की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मानित स्तंभों का समर्थन पार्टी के संघर्ष को नई ऊर्जा देता है और प्रबुद्धजनों का यह अपनत्व कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती प्रदान करता है।अजय राय ने आगे कहा कि यह मुलाकात गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की उस अटूट परंपरा का प्रतीक है, जिसे सहेजने और आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस हमेशा प्रतिबद्ध रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

