अयोध्या 4 मई (आरएनएस)। सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्त की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में उप कृषि निदेशक द्वारा योजना की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि खरीफ मौसम में जनपद के 2016 कृषकों को कुल 18.03 लाख रुपये की बीमा धनराशि से लाभान्वित किया गया है। वहीं रबी सीजन में 293 कृषकों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें से 30 कृषकों को 1.43 लाख रुपये की बीमा धनराशि प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर विधायक द्वारा 10 चयनित कृषकों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए गए। खरीफ मौसम के अंतर्गत बीकापुर के अरविंद कुमार यादव को 51,934 रुपये, रुदौली की मधुबाला को 56,919 रुपये, अमानीगंज के चंद्रकेतु मिश्रा को 36,584 रुपये, राधेश्याम यादव को 41,564 रुपये तथा सूर्यभान सिंह को 52,598 रुपये की धनराशि प्रदान की गई। इसी प्रकार रबी सीजन में सोहावल के संतोष कुमार पाण्डेय को 2,442 रुपये, राम कुमार को 7,341 रुपये, शोभनाथ शुक्ला को 23,127 रुपये, शुभांशु पाण्डेय को 10,736 रुपये तथा चंद्रप्रकाश पाण्डेय को 9,214 रुपये के चेक वितरित किए गए। विधायक ने इस अवसर पर उपस्थित कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ‘संकल्प से सिद्धिÓ के लक्ष्य के साथ किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से हुई क्षति की भरपाई कर उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कृषकों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य कार्यकारी मत्स्य अधिकारी, जिला सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता, जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

