०जनता व प्रशासन के बीच सेतु बना सुशासन शिविर – भूलन सिंह मरावी
०प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ शिविर
सूरजपुर,04 मई (आरएनएस)। जिले के विकासखंड रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत उमापुर में पंचायत भवन परिसर के समीप आज सुशासन शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए अपनी समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखालाल रजवाड़े की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन सम्मिलित हुए।
18 ग्रामों के नागरिकों ने ली शिविर का लाभ:-
आयोजित शिविर में उमापुर, माजा, तिवरागुडी, बकना, बरहोल, सुमेरपुर, तेजपुर, लेडुवा, मदनेश्वरपुर, गोविंदपुर, नकना, तेलाईमुड़ा, पोडी, बद्रिकाश्रम, भुवनेश्वरपुर, रामानुजनगर, कौशलपुर एवं शिवपुर सहित आसपास के अनेक ग्रामों के नागरिकों ने सहभागिता दर्ज कराई। शिविर में अंतिम प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 278 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शिविर को संबोधित करते हुए प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की स्पष्ट मंशा है कि आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके गाँव के स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी ग्रामीण को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित ये शिविर जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं जनसामान्य के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य कर रहे हैं, जहाँ लोगों को अपनी समस्याएँ एवं माँगें सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है तथा अधिकांश समस्याओं का त्वरित निराकरण भी मौके पर ही संभव हो पा रहा है।विधायक मरावी ने ग्रामीणों से आत्मीय अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएँ संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखें तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ। उन्होंने कहा कि शासन का निरंतर प्रयास है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुँचे तथा कोई भी पात्र हितग्राही इन योजनाओं से वंचित न रहे, परंतु इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग के दल द्वारा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें भविष्य में नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सकेगा। साथ ही नवीन आधार कार्ड के निर्माण के साथ-साथ पूर्व से बने आधार कार्डों में आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन कार्य भी किया जा रहा है। शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा आमजनों को शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं – जैसे महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, पेंशन योजनाओं इत्यादि की विस्तृत जानकारी दी जा रही है तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित होने हेतु आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेज़ों के संबंध में मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्रवासियों से विशेष अपील की गई है कि वे आयोजित होने वाले सुशासन शिविरों में अनिवार्य रूप से सम्मिलित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ें तथा अपनी लंबित समस्याओं से शासन को अवगत कराकर उनका त्वरित निराकरण प्राप्त करें। प्रशासन का प्रयास है कि सुशासन तिहार के माध्यम से जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुँच सके तथा श्सुशासन की संकल्पनाश् को धरातल पर साकार किया जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

