भोपाल 4 मई (आरएनएस)। पॉलिटेक्निक चौराहा पर रविवार रात तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। घायल महिला को आरोपी चालक ने ही अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान सोमवार तड़के वृद्धा की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पार्वती सिंह ठाकुर पति चांद सिंह ठाकुर (77) बांणगंगा प्रताप नगर की रहने वाली थीं। वह दवा लेने के लिए रविवार रात को करीब नौ बजे पैदल घर से पॉलीटेक्निक तक पहुंची। एक मेडिकल स्टोर से ब्लड प्रेशर और सिर दर्द की दवा लेकर लौट रही थीं।
तभी पॉलीटेक्निक चौराहा पर उन्हें बाइक के चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग महिला को गंभीर चोट आई। बेसुध हालत में आरोपी चालक ने ही महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

