आजमगढ़ 4 मई (आरएनएस)जनपद न्यायालय आजमगढ़ में 9 मई शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता एवं व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 04.05.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष प्रचार अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिसकर्मियों ने अपने दोपहिया वाहनों (बाइकों) के माध्यम से नगर के विभिन्न मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बाइक रैली निकालकर आम जनमानस को लोक अदालत के लाभों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लाउडस्पीकर एवं पम्पलेट्स के माध्यम से यह जानकारी दी गई कि दीवानी न्यायालय में आयोजित होने वाली लोक अदालत में लंबित शमनीय आपराधिक वाद, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस (धारा 138 एनआई एक्ट), बैंक रिकवरी एवं विशेष रूप से यातायात चालानों का निस्तारण आपसी सहमति के आधार पर कराया जा सकता है।
यातायात प्रभारी द्वारा आमजन से अपील की गई कि जिन वाहन स्वामियों के चालान लंबे समय से लंबित हैं, वे दिनांक 09 मई 2026 को लोक अदालत में उपस्थित होकर नियमानुसार छूट का लाभ उठाते हुए अपने वादों का त्वरित निस्तारण कराएं। इससे समय की बचत के साथ-साथ अनावश्यक जुर्माने एवं कानूनी जटिलताओं से भी राहत प्राप्त होगी।
उक्त बाइक रैली गिरजाघर चौराहा, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइन्स, रैदोपुर तिराहा होते हुए शारदा तिराहा जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी, जहां पुलिसकर्मियों द्वारा आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।.
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

