सीतापुर 4 मई (आरएनएस)। जिला कारागार में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दहेज हत्या के मामले में विचाराधीन एक बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना जेल परिसर के अंदर स्थित आटा चक्की पर हुई, जहां बंदी कार्य कर रहा था। मृतक की पहचान मुनेन्द्र (पुत्र रमेश), निवासी ग्राम दनियारपुर, थाना मिश्रिख के रूप में हुई है। उसे 8 अप्रैल 2026 को दहेज हत्या के आरोप में जेल भेजा गया था और तब से वह जिला कारागार में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह अपनी निर्धारित बैरक से आटा चक्की पर काम करने गया था। इसी दौरान, जब वहां मौजूद एक अन्य बंदी कुछ समय के लिए वहां से चला गया, तो मुनेन्द्र ने अपनी लुंगी से फांसी लगा ली। कुछ देर बाद अन्य बंदियों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे से लटका मिला। बंदियों ने तत्काल शोर मचाया और उसे नीचे उतारकर जेल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन द्वारा उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुनेन्द्र की पत्नी अंकिता (25), निवासी ग्राम डेंगरा, थाना नैमिष, की करीब चार वर्ष पूर्व शादी हुई थी। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताडि़त किया जा रहा था और ससुराल पक्ष द्वारा तीन लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इसी विवाद के चलते अंकिता की हत्या का आरोप मुनेन्द्र पर लगा था, जिसके बाद वह जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जेल अधीक्षक प्रीति यादव ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

