– एक की मौत, दूसरा गंभीर
सीतापुर 4 मई (आरएनएस)। कमलापुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 4 बजे नेशनल हाईवे-30 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय अखिलेश कुमार निवासी जैतपुर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से बाराबंकी से सीतापुर की ओर किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान कमलापुर थाना क्षेत्र के कसमंडा के पास नेशनल हाईवे-30 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें रौंदता हुआ फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

