सीतापुर 4 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल, असम व पांडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद जनपद सीतापुर में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर मिठाई बांटी, आतिशबाजी की और नारेबाजी कर खुशी जाहिर की। भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनके आवास से जुलूस निकालते हुए लालबाग स्थित अटल चैक तक पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। बताया गया कि अचिन मेहरोत्रा को पश्चिम बंगाल के आरामबाग विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई थी, जहां पार्टी को उल्लेखनीय बढ़त मिली। वहीं, भाजपा जिला कार्यालय पर भी प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला व अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में जीत का जश्न मनाया गया। जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि बंगाल की यह प्रचंड विजय विकसित भारत के मार्ग में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने कहा कि यह जीत देश में भाजपा के बढ़ते जनाधार का संकेत है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। इसके अलावा भाजपा जिला कार्यालय पर जिला कार्यसमिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें 2027 के उत्तर प्रदेश चुनाव को लक्ष्य बनाकर रणनीति पर चर्चा की गई। प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इनसेट
बंगाल जीत पर संदना मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न
संदना/(सीतापुर। पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर संदना मंडल में कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र अवस्थी ने कहा कि यह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि बंगाल में बदलाव के साथ आम जनता को राहत मिली है और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस मौके पर मंडल के कई लोग मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

