– व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
सीतापुर 4 मई (आरएनएस)। जनपद में हुई भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सोमवार को काशीराम कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश के कारण कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित न हो और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही तेज हवाओं के चलते गिरे पेड़ों को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहते हुए त्वरित कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। यदि कहीं जलभराव, बिजली समस्या या अन्य कोई परेशानी सामने आती है तो उसका तत्काल मौके पर समाधान कराया जाए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जर्नादन समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा की जा रही इस सक्रियता से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इनसेट
तेज बारिश से सकरन में गेहूं की फसल जलमग्न, किसानों को भारी नुकसान
फोटो-07
सकरन/सीतापुर। सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक हुई मूसलाधार वर्षा के चलते सैकड़ों बीघा गेहूं की कटी पड़ी फसल खेतों में ही जलमग्न हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। क्षेत्र के कस्बा निवासी विजय प्रताप वर्मा की करीब 20 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई। वहीं रामसनेही की लगभग 5 बीघा और गोडियनपुरवा निवासी रामपाल की 4 बीघा गेहूं की फसल भी बर्बाद हो गई। इसके अलावा तारपारा, सुमरावा समेत आसपास के कई गांवों में किसानों की कटी हुई फसल खेतों में ही भीगकर खराब हो गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के बाद खेतों में रखी गई थी, लेकिन अचानक हुई तेज बारिश से उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। हालांकि इस बारिश से गन्ना, मक्का और केला जैसी फसलों को लाभ पहुंचा है, जिससे कुछ किसानों को राहत जरूर मिली है। इसके बावजूद गेहूं उत्पादक किसानों के लिए यह बारिश चिंता का कारण बन गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

