लखनऊ, 04 मई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मैनपुरी जनपद के लिए 18 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं पर कुल 2229 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे, जिनके माध्यम से धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि मैनपुरी जनपद में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की समृद्ध विरासत है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में कानून-व्यवस्था और कनेक्टिविटी में सुधार के चलते पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।
परियोजनाओं के अंतर्गत सत्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए 80 लाख रुपये, आर्य समाज मंदिर के लिए 140 लाख रुपये, बजरंगबली हनुमान मंदिर के लिए 110 लाख रुपये तथा मां गंगा देवी मंदिर ज्योति के विकास हेतु 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा किशनी क्षेत्र स्थित नरसिंह धाम के लिए 75 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
इसी क्रम में चंद्रपुरा नैनसुख महाराज मंदिर, शंकर जी महाराज मंदिर, ब्रह्मदेव एवं शिव मंदिर, वनखंडेश्वर आश्रम, हनुमान मंदिर और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर सहित कई प्रमुख स्थलों के विकास के लिए भी करोड़ों रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। साथ ही मानस स्मारक मंदिर, सतीमाता मंदिर, ढिबइया मंदिर, लोहिया पार्क और अन्य स्थानों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए भी बजट आवंटित किया गया है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को सौंपी गई है और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास के प्रमुख माध्यम के रूप में विकसित कर रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से मैनपुरी जनपद पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

