लखनऊ, 04 मई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने गोरखपुर मंडल के महराजगंज जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 9 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं पर कुल 686 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिनके माध्यम से धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि बीते वर्षों में महराजगंज जनपद में आधारभूत ढांचे के विकास, कानून-व्यवस्था में सुधार और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इन नई परियोजनाओं से इस गति को और मजबूती मिलेगी।
स्वीकृत परियोजनाओं में सिसवा क्षेत्र स्थित मनिपरगढ़ मंदिर रूद्धरौली निचकौट के लिए 99 लाख रुपये, परतावल ब्लॉक के राम जानकी मंदिर के लिए 54 लाख रुपये, नौतनवा-सोनौली स्थित चांचाई माता मंदिर के लिए 1 करोड़ रुपये तथा बेलहिया स्थित प्राचीन श्रीराम जानकी मंदिर के लिए 87 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा फरेंदा क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के लिए 70 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
इसी क्रम में पनियरा के हनुमान मंदिर के लिए 26 लाख रुपये, जगन्नाथ भगवान मंदिर धाम व बड़हरा महंत के लिए 58 लाख रुपये, सिसवा के रूद्रापुर स्थित बनदेवी स्थान के लिए 60 लाख रुपये तथा फरेंदा के सिमरहवा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बहुउद्देश्यीय अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए 172 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है और उसे निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास का प्रमुख माध्यम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

