लखनऊ, 04 मई 2026। प्रदेश की योगी सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अमरदीप मेमोरियल ट्रस्ट, फिरोजाबाद को अमरदीप विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु आशय पत्र जारी कर दिया है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के अंतर्गत लिया गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मंत्रिपरिषद के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का लक्ष्य उच्च शिक्षा को अंतिम पायदान तक सरल, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें।
मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 और उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (स्थापना) नियमावली, 2021 के तहत प्रस्तावों का मूल्यांकन एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा किया जाता है, जिसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव करते हैं। समिति की संस्तुति के आधार पर ही आशय पत्र जारी किया जाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि 29 जुलाई 2025 को हुई समिति की बैठक में फिरोजाबाद जनपद के ग्राम पचवान में 20.08 एकड़ भूमि पर अमरदीप विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए आशय पत्र जारी करने की संस्तुति की गई थी। संबंधित ट्रस्ट द्वारा विश्वविद्यालय स्थापना के लिए आवश्यक न्यूनतम 20 एकड़ भूमि की शर्त भी पूरी कर ली गई है, जिसके बाद अब विश्वविद्यालय स्थापना की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
इसके साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री ने नोएडा में एक अन्य प्रतिष्ठित समूह द्वारा प्रस्तावित मेट्रो विश्वविद्यालय को संचालन हेतु आवश्यक अनुमति पत्र भी प्रदान किया है। इस पहल से प्रदेश में निजी क्षेत्र के माध्यम से उच्च शिक्षा के विस्तार को और गति मिलने की उम्मीद है।
सरकार का मानना है कि इन फैसलों से न केवल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि प्रदेश में ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

