दुर्ग, 04 मई (आरएनएस)। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र स्थित पुरैना बस्ती में 5 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसके अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया। नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मकान में रखा सामान भी जब्त किया गया।
प्रशासनिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी और उसके परिजन शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाकर रह रहे थे। नगर निगम द्वारा पहले ही नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस की अनदेखी की गई। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
बता दें कि घटना 25 अप्रैल की है, जब 5 साल की बच्ची सुबह अचानक लापता हो गई थी। देर शाम बच्ची पुरैना स्थित एनएसपीसीएल पावर प्लांट के पास झाडिय़ों में मिली। आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर बांध दिए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) और 65(2) (दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी आदतन अपराधी है और मारपीट, गांजा तथा अवैध शराब बिक्री जैसे मामलों में पहले भी कई बार जेल जा चुका है। आरोपी के नशे का आदी होने की भी जानकारी सामने आई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

