लखनऊ 5 मई (आरएनएस )। थाना विभूतिखण्ड क्षेत्र में कंपनी के कलेक्शन मैन से लाखों रुपये लूटने की घटना में क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नगद बरामद किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश अभी भी जारी है।प्रकरण के अनुसार 05 अप्रैल 2026 को वादी निकुल सिंह महेंद्र सिंह जडेजा निवासी गुजरात की तहरीर पर थाना विभूतिखण्ड में मु.अ.सं. 0119/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि स्कार्पियो सवार बदमाशों ने कलेक्शन मैन को धक्का देकर नगदी से भरा बैग लूट लिया था।घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और थाना विभूतिखण्ड पुलिस की संयुक्त टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अप्रैल 2026 को इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 45 लाख रुपये बरामद किए थे। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को एक अन्य वांछित इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर 2 लाख 10 हजार रुपये बरामद किए गए थे।इसी क्रम में लगातार चल रही कार्रवाई के तहत 05 मई 2026 को क्राइम ब्रांच की स्वाट/सर्विलांस टीम और विवेचक द्वारा संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी सलमान खान को थाना विभूतिखण्ड क्षेत्र में हनीमैन चौराहे के आगे रेलवे लाइन की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 80 हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने गिरोह के साथ मिलकर कंपनी के कलेक्शन मैन की रेकी करते थे। जैसे ही कलेक्शन मैन पैसे लेकर जमा करने निकलता था, आरोपी बिना नंबर प्लेट की स्कार्पियो से पहुंचकर उसे धक्का देकर रुपयों से भरा बैग छीन लेते थे और फरार हो जाते थे। लूट की रकम को आपस में बांटकर निजी खर्चों और शौक पूरे करते थे।गिरफ्तार आरोपी सलमान खान (27 वर्ष) निवासी चिनहट का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ पहले भी हजरतगंज थाना में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार इस मामले में धारा 317(2), 317(5) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।क्राइम ब्रांच की स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना विभूतिखण्ड पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी लूटी गई रकम की बरामदगी के लिए टीमें लगातार सक्रिय हैं। लखनऊ पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

