प्रयागराज/लखनऊ 5 मई (आरएनएस )। केशव प्रसाद मौर्य आज प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में आयोजित शिक्षा मित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में शिक्षा मित्रों की भूमिका की सराहना की।कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उपमुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मित्रों द्वारा तैयार शैक्षणिक मॉडल और नवाचारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले ये शिक्षक आधुनिक शिक्षा प्रणाली की रीढ़ हैं।मुख्य कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कई शिक्षा मित्रों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया और बढ़े हुए मानदेय के डेमो चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा मित्रों की समस्याओं और मांगों के प्रति संवेदनशील है और यह मानदेय वृद्धि उनके परिश्रम के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षा मित्रों को ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने वाला महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि उनका योगदान अमूल्य है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में मानदेय भेजकर पारदर्शिता सुनिश्चित कर रही है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षा मित्रों के कल्याण के लिए आगे भी विभिन्न योजनाओं पर काम किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रवीण पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, जिलाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

