लखनऊ 5 मई (आरएनएस )। थाना चिनहट क्षेत्र में महिला पर जानलेवा फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।प्रकरण के अनुसार 05 मई 2026 को वादी आदित्य सिंह निवासी हंस विहार कॉलोनी, चिनहट द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना चिनहट में मु0अ0सं0-236/26 धारा 191(2), 191(3), 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप था कि विपक्षीगण ने वादी की माता पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की। घटना में नामजद आरोपियों के साथ 4-5 अज्ञात लोग भी शामिल बताए गए, जो विभिन्न वाहनों से मौके पर पहुंचे थे।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। उच्च अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। विवेचना के दौरान अतिरिक्त धाराएं 3(5), 115(2) और 352 बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी दिव्यांश सिंह (21 वर्ष) निवासी बहराइच, हाल पता बीबीडी थाना क्षेत्र लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी अन्य जनपदों से जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक बिट्टू, हेड कांस्टेबल आनंद सिंह और कांस्टेबल रामपाल जयसवाल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

