– बोले दो दिन में सुधार नहीं तो सचिव निलंबित
सीतापुर 5 मई (आरएनएस)। डॉ. राजागणपति आर. ने मंगलवार को सरैंयासानी स्थित अस्थायी गौशाला का औचक निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था, भारी कीचड़ और पशुओं की उपेक्षा देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। गौशाला में एक भी पशु की टैगिंग न मिलने पर जिलाधिकारी ने पैरावेट गंगाराम के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कमजोर और बीमार पशुओं की हालत पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सचिव और खंड विकास अधिकारी को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने साफ कहा कि पशुओं की देखभाल में लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पशुओं को दिए जा रहे पानी, भूसा भंडारण, हरे चारे की उपलब्धता, पशुओं के पंजीकरण रजिस्टर और हरे चारे के अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण किया। बीमार पशुओं के उपचार के लिए चिकित्सकों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली गई। उन्होंने ग्राम प्रधान से केयर टेकरों की संख्या पूछी और स्वयं केयर टेकरों से बात कर उनके मानदेय की जानकारी ली। डीएम ने खंड विकास अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि जब तक पशुओं की टैगिंग, कीचड़ का निस्तारण और अन्य सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त न हो जाएं, तब तक सचिव फारा इकबाल का वेतन आहरित न किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर हालात नहीं सुधरे तो सचिव के निलंबन की कार्रवाई तत्काल अमल में लाई जाए। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि वह स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों की निगरानी करें और सभी कमियों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित कराएं। डीएम के इस सख्त तेवर से संबंधित कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

