प्रयागराज 5 मई (आरएनएस)। रेडिएंट कप अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेट सीरीज के टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम ने शानदार बल्लेबाजी कर मैच पर पकड़ बना ली। आरोन कंट्री क्लब, होराना में भारत ने 6 विकेट पर 346 रन बनाकर पहली पारी घोषित कर दी।
डिसेबिलिटी क्रिकेट ऑफ श्रीलंका के तत्वावधान में खेले जा रहे टेस्ट में श्रीलंका के कप्तान धनुष्का वीराकोड़ी ने 5 मई को टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी दी। सचिन शिवा 12 रन बनाकर कुंजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। कप्तान सैयद शाह अजीज ने 29 रन बनाए, लेकिन संजीत मोनरागला ने बोल्ड कर दिया।
शुरुआती झटकों के बाद राहुल शर्मा और मुनाफ पाटला ने चौथे विकेट के लिए मजबूत साझेदारी की। मुनाफ ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा। शतक के तुरंत बाद वह उदारा इंद्रजीत की गेंद पर आउट हुए। उनके बाद कैलाश प्रसाद ने तेज 54 रन बनाकर स्कोर 300 के पार पहुंचाया। दूसरे छोर पर राहुल शर्मा पूरे दिन डटे रहे। उन्होंने 194 गेंदों में नाबाद 101 रन की संयमित पारी खेली। पहले दिन का खेल खत्म होने पर राहुल 101 और चिराग गांधी 4 रन पर नाबाद रहे। कप्तान सैयद शाह अजीज ने बताया कि रणनीति के तहत पारी घोषित की गई, ताकि दूसरे दिन सुबह की नमी का फायदा भारतीय गेंदबाज उठा सकें और श्रीलंका पर दबाव बना सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

