चंडीगढ़,05 मई (आरएनएस)। चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर मंगलवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की एक उड़ान में केबिन के अंदर धुआं उठता देखा गया। यात्री के सूचना देने के बाद तुरंत आपातकाल की घोषणा की गई और यात्रियों को स्लाइड के जरिए हवाई अड्डे पर उतारा गया। घटना के समय विमान हवाई अड्डे पर ही खड़ा था, जिससे यात्रियों को कोई हानि नहीं पहुंची। एयरलाइंस ने बयान में कहा कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
तेलंगाना के हैदराबाद से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 108 लैंडिंग के बाद खड़ी थी। तभी एक यात्री के मोबाइल चार्जर पावर बैंक से धुआं उठने लगा, जिसकी सूचना चालक दल के सदस्यों को दी गई। एयरलाइंस ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, तत्काल निकासी की गई और सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया और उनकी देखभाल के लिए टीम तैनात है।
एयरलाइंस और हवाई अड्डा प्राधिकरण ने अभी हादसे में घायलों की जानकारी नहीं दी है, लेकिन 5 यात्रियों को हल्की चोट की खबर है। यात्रियों ने बताया कि विमान का केबिन धुएं से भर गया था। हालांकि, समय रहते इस पर काबू पा लिया गया। शुक्र था कि हादसा लैंडिंग के बाद हुआ। बता दें कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के मुताबिक, पावर बैंक हैंड बैग में ले जाने की अनुमति है, लेकिन उसे विमान में चार्ज नहीं कर सकते।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

