अल्मोड़ा,06 मई (आरएनएस)। कलेक्ट्रेट में बुधवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में विकास प्राधिकरण से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पार्किंग और आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। समीक्षा के दौरान थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन से जुड़े कई प्रकरण लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड अल्मोड़ा स्तर पर लंबित पाए गए। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में पनुवानौला, भिकियासैंण और भतरौंजखान में प्रस्तावित पार्किंग स्थलों के लिए भूमि चयन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। साथ ही जिन पार्किंग परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनके संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द तैयार करने और उपयोगकर्ता शुल्क निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने विकास प्राधिकरण के अभियंताओं से नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सीएनडीएस के अधिशासी अभियंता तथा लोक निर्माण विभाग रानीखेत के अधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

