हल्द्वानी,06 मई (आरएनएस)। गर्मियों में सूख रही गौला नदी और जलस्रोतों के लिए मई में बारिश संजीवनी बनकर बरसी है। गौला नदी का जलस्तर तीन दिन में 95 क्यूसेक से बढ़कर 275 क्यूसेक हो गया है। वहीं पेयजल के स्रोतों की जलधारा की भी बेहतर स्थिति हो गई है, जिससे पानी संकट से जूझ रहे लोगों को कुछ दिन राहत मिलने की उम्मीद है। अप्रैल में ही पारा चालीस डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जिससे शहरी क्षेत्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का गंभीर संकट बन गया था। वहीं मई के पहले सप्ताह में हुई बारिश से पेयजल संकट झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। गौला का जलस्तर बढ़ा है वहीं जलस्रोतों की हालात भी बेहतर हुई है। पिछले तीन दिनों में जल संस्थान के कार्यालय में पेयजल से जुड़ी एक भी शिकायत नहीं मिली है, जबकि पहले रोजाना औसतन दस शिकायत दर्ज हो रही थीं।
भूजल में भी हुआ सुधार: फरवरी में भूजल जहां 108.01 मीटर पर मौजूद था, वहीं एक अप्रैल को यह 116.537 मीटर पर पहुंच गया। वहीं अब बारिश होने से मंगलवार को भूजल का स्तर 111.325 मीटर रिकॉर्ड किया गया।
गर्मी के असर से गौला नदी और जलस्रोत प्रभावित हो रहे थे। अब बारिश होने से इनमें सुधार हुआ है। – दिनेश रावत, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

