चमोली,06 मई (आरएनएस)। लावारिस कुत्ते ने नंदानगर बाजार में दो बरातियों और अलग-अलग जगहों पर चार लोगों को बुरी तरह काट दिया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी लोगों को जिला अस्पताल गोपेश्वर के लिए रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि कुत्ता पागल हो गया था। बाद में किसी ने कुत्ते को मार डाला। नंदानगर बस स्टेशन पर बुधवार को क्षेत्र में एक बरात जा रही थी। इसी दौरान एक कुत्ते ने बरातियों पर हमला कर दिया। कुत्ते ने चरी गांव निवासी नौरती देवी (45) के हाथ को बुरी तरह काट दिया। महिला को मुश्किल से छुड़ाया गया तो कुत्ते ने मोख मल्ला गांव निवासी बच्ची रितिका (9) के पैर में काट दिया। इससे पहले बाजार में ही कुत्ते ने सैतोली के पूर्व ग्राम प्रधान डबल राम, बिजार निवासी खीम सिंह, सुतोल निवासी विनोद सिंह, सैतोली निवासी सुनीता देवी को भी काटा। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल गोपेश्वर के लिए रेफर कर दिया गया। व्यापार संघ अध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि नगर क्षेत्र में लावारिस कुत्ते लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। बुधवार को अलग-अलग जगहों पर कुत्ते ने छह लोगों को काट दिया। दोपहर में कुछ अज्ञात लोगों ने कुत्ते को मार दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

