चमोली,06 मई (आरएनएस)। ब्लॉक के बलाण गांव तक सड़क न बनने के कारण ग्रामीणों ने बुधवार को एक बीमार महिला को तीन किलोमीटर पैदल डंडी से सड़क तक और फिर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि गांव के लिए सड़क निर्माणाधीन है। बुधवार को तुलसी देवी (56) की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद गांव के वीरेंद्र कनियाल, महिपाल राम, जय राम, बहादुर राम, सूरज राम, नारायण राम और महाबीर राम ने उन्हें डंडी में बैठाकर तीन किलोमीटर पैदल सड़क तक पहुंचाया। पूर्व उप प्रधान वीरेंद्र कनियाल ने बताया कि तुलसी देवी को सड़क तक लाने के बाद निजी वाहन से देहरादून अस्पताल भेजा गया। गांव में सड़क न होने से गर्भवती महिलाओं और अन्य बीमारों को भी इसी तरह अस्पताल ले जाना पड़ता है। वहीं पीएमजीएसवाई विभाग के अवर अभियंता प्रदीप पंवार ने बताया कि बलाण गांव तक सड़क कटिंग का काम जारी है। इस सड़क के लिए 2.82 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं और करीब 200 मीटर सड़क कटिंग हो चुकी है। जल्द सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

