मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 6 मई (आरएनएस) मोबाइल की एक घंटी, वीडियो कॉल पर नकली अफसर की धमकी और सेकेंडों में खाली होता बैंक अकाउंट… तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के इस खतरनाक दौर में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस खुद कॉलेज कैंपस पहुंची और युवाओं को ऑनलाइन ठगी के हर जाल से बचने का लाइव पाठ पढ़ाया। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के लाल चक्रधर शाह महाविद्यालय अंबागढ़ चौकी में बुधवार 06 मई 2026 को आयोजित साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और युवाओं को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के खतरनाक तरीकों से रूबरू कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वॉय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पीताम्बर पटेल (रा.पु.से.) के नेतृत्व में चल रहे “साइबर जन-जागरूकता पखवाड़ा अभियान” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बेहद आसान लेकिन असरदार तरीके से बताया कि कैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, फेसबुक मैसेंजर और वीडियो कॉलिंग प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर ठग लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। छात्रों को चेताया गया कि अज्ञात नंबरों से आने वाले लॉटरी, इनाम और ऑफर वाले कॉल सिर्फ ठगी का जाल हैं। कार्यक्रम का सबसे अहम हिस्सा रहा “डिजिटल अरेस्ट” फ्रॉड का खुलासा, जिसमें साइबर अपराधी खुद को पुलिस, सीबीआई या ईडी अधिकारी बताकर वीडियो कॉल करते हैं, डराते-धमकाते हैं और लोगों को ऑनलाइन हिरासत का भय दिखाकर लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लेते हैं। पुलिस ने साफ कहा कि किसी भी अनजान कॉल से घबराने के बजाय तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें। कार्यक्रम में एटीएम फ्रॉड, फर्जी लिंक, नकली एप डाउनलोड, ओटीपी शेयर करने के खतरे और बैंकिंग फ्रॉड से बचने के तरीके भी बताए गए। साथ ही युवाओं को आधुनिक तकनीकों जैसे ChatGPT और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग की जानकारी दी गई। फेक न्यूज से बचने, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने और निजी जानकारी सुरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया। कॉलेज परिसर में हुए इस हाई-इम्पैक्ट जागरूकता अभियान ने छात्रों के भीतर साइबर सुरक्षा को लेकर नई सतर्कता पैदा कर दी। बहरहाल, इंटरनेट की चमकदार दुनिया में एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ा नुकसान बन सकती है और यही वजह है कि अब पुलिस सिर्फ अपराधियों के पीछे नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक बनाकर अपराध रोकने की लड़ाई भी लड़ रही है।


