सारंगढ़ बिलाईगढ़ 7 मई 2026 (आरएनएस) राज्य शासन ने प्रशासनिक गलियारों में बड़ा बदलाव करते हुए एक साथ कई अहम जिम्मेदारियां संभाल रहीं वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का कलेक्टर नियुक्त कर दिया है, जिसके बाद जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में नई सक्रियता और तेज फैसलों की उम्मीद बढ़ गई है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक भा.प्र.से. वर्ष 2016 बैच की अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जो वर्तमान में संचालक कोष एवं लेखा तथा अतिरिक्त प्रभार के रूप में संचालक पेंशन एवं पंजीयक फर्म एवं संस्थाएं की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, उन्हें आगामी आदेश तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर पद पर पदस्थ किया गया है। आदेश जारी होते ही प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया और इसे जिले में प्रशासनिक कसावट और तेज मॉनिटरिंग की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। पद्मिनी भोई साहू को तेज कार्यशैली, वित्तीय मामलों की मजबूत पकड़ और प्रशासनिक अनुशासन के लिए जाना जाता है। ऐसे में उनकी नियुक्ति को विकास कार्यों, राजस्व मामलों और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। शासन के इस फैसले से जिले में प्रशासनिक स्तर पर नई ऊर्जा आने की संभावना जताई जा रही है। बहरहाल, अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नई कलेक्टर जिले में किस अंदाज में प्रशासनिक सर्जरी करती हैं और जनता को कितना तेज व असरदार सिस्टम मिलता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

