सिरसा 7 मई (आरएनएस)। नगराधीश अजय सिंह ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से तहसीलदारों, नगर परिषद व नगर पालिका सचिवों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के साथ जनगणना को लेकर बैठक की। बैठक में जिले में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने, आमजन को जागरूक करने तथा तय समय सीमा में कार्य पूरा करवाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में सहयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से विभिन्न योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायता मिलती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का इसमें सही और पूर्ण जानकारी देना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों से कहाकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को यह जानकारी दी जाए कि जनगणना के दौरान एकत्र किया जाने वाला डाटा पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है। जनगणना में दर्ज जानकारी को किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ सांझा करने का कोई प्रावधान नहीं है।
नगराधीश ने निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। यदि जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या या तकनीकी कठिनाई सामने आती है तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाई जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके और कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन कर्मचारियों के साथ नियमित बैठकें कर कार्य की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक स्तर पर जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का सही पालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों, पंचायतों, नगर निकायों और अन्य सार्वजनिक स्थलों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी जनगणना कार्य से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। नगराधीश ने सभी अधिकारियों से पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

