०रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का सफल आयोजन
०कोर्रा में पीएम आवास के हितग्राहियों को दिया गया सांकेतिक चाबी
सुकमा,07 मई (आरएनएस)। जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार गुरुवार को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देना, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार एवं आवास से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने हेतु जागरूक किया गया।कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। रोजगार सहायकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा जॉब कार्ड निर्माण, श्रमिक पंजीयन, मजदूरी भुगतान, नवीन कार्यों की स्वीकृति सहित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी साझा कर ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया गया। जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार से जोडऩे तथा कार्यों की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए। ग्राम पंचायत कोर्रा में अधिकारियों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के पूर्ण आवासों वाले हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी एवं स्वीकृत आवासों को स्वीकृति पत्र प्रदान करके प्रोत्साहित किया गया।इसी तरह आवास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने हेतु प्रेरित किया गया। लंबित किश्त भुगतान, निर्माण की प्रगति एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर हितग्राहियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक, आवास मित्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कर ग्रामीणों को समय पर लाभ पहुंचाने हेतु निरंतर सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

