भोपाल 7 मई (आरएनएस)। कोहेफिजा पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 500 रुपए के 280 नकली नोट बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत 1.40 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बता रहा है, जो नोट मिले हैं।
पुलिस को उसके पास से एक आईफोन, एक पेन ड्राइव और विदेशी सीरीज (+44) का मोबाइल नंबर भी मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि आरोपी किसी विशेष विचारधारा से प्रभावित हो सकता है। इसी वजह से उसे कोर्ट में पेश कर 7 दिन की रिमांड पर लिया गया है।
पूरी कार्रवाई को पुलिस ने बुधवार की दोपहर को अंजाम दिया, जबकि गुरुवार को इसका खुलासा किया है।
कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि बुधवार दोपहर सूचना मिली थी कि सैफिया कॉलेज ग्राउंड के पास एक युवक कम कीमत में नकली नोट खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सैफुल इस्लाम पिता अनवर-उल इस्लाम (27) बताया। उसका कहना था कि वह ये नोट पश्चिम बंगाल से अपने एक दोस्त से लेकर आया था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2024 से इस धंधे में सक्रिय है। पहले भी दो बार भोपाल आकर नकली नोट खपा चुका है। मई 2025 से वह भोपाल की गुलमोहर कॉलोनी में किराए से रह रहा था। इसी दौरान उसने शादी भी कर ली।
उसने बताया कि वह दो लाख रुपए की नकली करेंसी 60 हजार रुपए में खरीदकर लाया था। 10 दिनों में वह करीब 60 हजार रुपए के नकली नोट बाजार में चला चुका है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भोपाल में 300 रुपए असली लेकर बदले में 500 रुपए का नकली नोट देता था। आरोपी ने बताया कि वह बिना मेहनत के जल्दी अमीर बनने की चाह में इस कारोबार में उतरा।
पुलिस के मुताबिक जब्त नोट नेपाल और पाकिस्तान में इस्तेमाल होने वाले कागज जैसे पेपर पर छपे हैं। ऐसे में जांच अब अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय एंगल से भी की जा रही है।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल से विदेशी नंबरों पर बातचीत के संकेत मिले हैं। जांच में सामने आया है कि वह साइबर ठगों को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम भी करता था। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है।

