उज्जैन 7 मई (आरएनएस)। माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुरा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर देर रात एक घर में घुसकर हमला किया गया। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों से मारपीट की, घर में तोडफ़ोड़ की और एक गाड़ी में आग लगा दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, कंचनपुरा निवासी आईटीआई कर्मचारी भगीरथ रायकरवार घटना के समय ड्यूटी पर थे। उनके घर में उनकी बेटी पूजा और बुजुर्ग दादी मौजूद थीं।
इसी दौरान, पड़ोस से जुड़े पुराने विवाद के चलते गोलू उर्फ पप्पू (28) निवासी ढांचा भवन अपने 8 से 10 साथियों के साथ वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में थे और उन्होंने घर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले घर के दरवाजे पर एसिड से भरी बोतलें फेंकीं। इसके बाद उन्होंने लाठी-डंडों से दरवाजे, खिड़कियां और घर का सामान तोडऩा शुरू कर दिया। टीवी सहित अन्य घरेलू सामान में भी जमकर तोडफ़ोड़ की गई। घर में मौजूद महिलाओं, पूजा और उनकी दादी के साथ मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गईं।
घटना से घबराई पूजा ने अपनी बुआ उषा और चचेरे भाई भारत को मदद के लिए बुलाया। हालांकि, उनके पहुंचने पर बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान, घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके से गोलू और उसके नाबालिग साले को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
घायलों को चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पूजा और उनकी दादी का इलाज जारी है। माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

