रीवा 7 मई (आरएनएस)। त्योंथर तहसील कार्यालय में गुरुवार को लोकायुक्त ने बाबू अनिल त्रिपाठी को 9500 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता अजय मिश्रा निवासी ग्राम डाढाकला, पोस्ट चंद्रपुर, थाना जनेह, तहसील त्यौंथर ने 4 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार त्रिपाठी द्वारा प्रकरण के निराकरण और पक्ष में फैसला करवाने के नाम पर 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। साथ ही बेदखली की कार्रवाई का डर दिखाकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैप दल गठित किया गया। गुरुवार 7 मई को तहसीलदार कार्यालय में आरोपी को 9500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी अनिल त्रिपाठी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा प्रवीण सिंह परिहार ने किया। ट्रैप दल में निरीक्षक एस. राम. मरावी सहित 12 सदस्यीय टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय या फोन के माध्यम से शिकायत करें।
लोकायुक्त अधिकारी प्रवीण सिंह परिहार ने बताया कि शिकायत का सत्यापन कराने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी बाबू को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतकर्ता अजय मिश्रा ने बताया कि प्रकरण के निराकरण के लिए लगातार पैसे की मांग की जा रही थी। कार्रवाई नहीं करने और बेदखली का डर दिखाकर दबाव बनाया जा रहा था। परेशान होकर उन्होंने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

