कटनी 7 मई (आरएनएस)। जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को युवा कांग्रेस ने बेरोजगारी, खराब स्वास्थ्य व्यवस्था और आवास योजना में देरी को लेकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि बड़वारा क्षेत्र में जे.के. व्हाइट सीमेंट और बिरला व्हाइट सीमेंट जैसी बड़ी कंपनियां चल रही हैं, लेकिन यहां के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। उनका आरोप है कि कंपनियां बाहर के लोगों को नौकरी दे रही हैं, जबकि स्थानीय पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे हैं।
युवा कांग्रेस ने कंपनियों के ष्टस्क्र फंड के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि इस फंड से गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चों के लिए अच्छा स्कूल और आधुनिक अस्पताल बनाया जाए।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित सूची जारी करने की मांग की गई। साथ ही नल-जल योजना बंद होने से गांवों में हो रही पानी की परेशानी को लेकर भी आवाज उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने रोहनिया सराई सहित प्रभावित गांवों में टैंकर से पानी पहुंचाने की मांग की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा में डॉक्टरों की कमी दूर करने, स्थाई बीएमओ की नियुक्ति और एंबुलेंस बढ़ाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
युवा कांग्रेस ने बड़वारा मुख्यालय में नो-एंट्री के बावजूद चल रहे भारी और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी प्रशासन से की। जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो युवा कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

